लाठीचार्ज के विरोध में 30 को बिहार बंद
पटना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों पर गुरुवार को विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस फायरिंग के विरोध में छात्र संगठन ने 30 मार्च को बिहार बंद का आह्वान किया है। इसके पहले 27 मार्च को सभी जिलों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा और 29 मार्च को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। ए जानकारी एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीहरि बोरिकर ने पत्रकारों से बात करते हुए दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में गिरावट, अराजकता, भ्रष्टाचार, लूट-खसोट, छात्रावास की जर्जर स्थिति, शिक्षकों की कमी आदि के विरोध में एबीवीपी का विधानसभा घेराव कार्यक्रम सफल रहा। छात्रों के एक दल ने विधानसभा पहुंचकर सांकेतिक विरोध जताया है। छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिसिया लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग की निंदा करते हुए उन्होंने इस आदेश की जांच करने की मांग भी की। संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि पुलिसिया दमन में संगठन के सौ से ज्यादा छात्र बुरी तरह घायल हो गए हैं। छात्रों को वज्र वाहन में बंद करके मारा गया है। एक छात्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल छात्रों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
No comments