धान लेकर किसान सड़क पर और एसी में बैठकर किसानों की लड़ाई लड़ रहे नीतीश
जहानाबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने केन्द्र सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एसी में बैठकर किसानों की लड़ाई लड़ने का नाटक कर रहे हैं। इस बिल के विरोध में नीतीश कुमार उपवास पर बैठे हैं, उपवास स्थल पर भी एसी लगाया गया है। नीतीश किसान विरोधी काम कर रहे हैं। किसान धान लेकर सड़कों पर घूम रहे हैं। लेकिन धान की खरीद नहीं हो रही है। सूबे में 30 लाख मैट्रिक टन धान की खरीद करनी थी। लेकिन अबतक 16 लाख मैट्रिक टन की ही खरीदारी हुई है। बोनस का पैसा ट्रेजरी में पड़ा है, किसानो को बोनस का पैसा नहीं मिल रहा है। पिछले साल का भी धान का बोनस और डीजल सब्सिडी किसानों को नहीं मिला है। पांडेय उक्त बातें शनिवार को जहानाबाद के किनारी बाजार और घोसी में आयोजित सभाओं में बोल रहे थे। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल में कौन सी बात किसान विरोधी है। इसका जवाब नीतीश कुमार दें। श्री पांडेय ने कहा कि सूबे के किसानों की स्थिति काफी खराब हो गई है। किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध में वृद्धि और विभिन्न विभागों में नियोजित कर्मियों के मामले को लेकर सरकार टाल-मटोल कर रही है। भाजपा 31 मार्च तक सूबे में पांच सौ सभाएं कर जेडीयू का पोल खोलने का काम करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने इस अभियान की शुरूआत जहानाबाद से की।
No comments