रसोई गैस सिलेंडर ब्लॉस्ट, बच्चे की मौत, चार घायल
अरवल। खाना बनाने के दौरान मंगलवार सुबह एक रसोई गैस सिलेंडर के फट जाने से उसकी चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गयी जबकि एक ही परिवार के तीन और उनके पडोस में रहने वाला एक व्यक्ति घायल हो गये। यह घटना बिहार के अरवल जिले के नगर थाना अंतर्गत बनिया बिगहा गांव की है। नगर थानाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने बताया कि इस हादसे में राजू साह के 12 वर्षीय बेटे इशू कुमार की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर के फटने से लगी आग की चपेट में आकर राजू साह :30: उनके घर के दो अन्य सदस्य गोपाल साह :55: और गुड्डू कुमार :16: बुरी तरह झुलस गए। इन्हें बचाने के क्रम में उनका पडोसी कपिल मुनी :50: भी जख्मी हो गया।
सिंह ने बताया कि इस हादसे में गंभीर रुप से घायल राजू साह, गोपाल साह और गुड्डू कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है जबकि कपिल मुनी को इलाज के लिए जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
No comments