लड़कियों को छेड़ा, भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला
बेगूसराय। यहां लड़कियों को परेशान करने वाले दो मनचलों को गांव के लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। मौत का शिकार हुए दोनों लड़कों का क्रिमिनल बैकग्राउंड था। आरोप है कि इन दोनों मनचलों ने गांव वालों पर गोली भी चलाई जिससे एक आदमी घायल हो गया। इस आदमी को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
बेगूसराय के रामदीरी गांव में दो मनचले अकसर स्कूल जाने वाली लड़कियों को परेशान करते थे। गुरुवार शाम को जब एक लड़की स्कूल से लौट रही थी तो कन्हैया और श्रवण नाम के इन मनचलों ने उसके साथ बद्तमीजी की। लड़की ने इसकी शिकायत घर जाकर की। इसके बाद गांव वाले भड़क गए। वे दोनों लड़कों से बात करने पहुंचे तो हथियारों से लैस इन लड़कों ने गांव वालों पर गोली चला दी। इसमें एक गांव वाला गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद गांव वालों ने दोनों मनचलों की जमकर पिटाई की। पिटाई से दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों के हथियार बरामद कर लिए है और आगे जांच की जा रही है।
No comments