एक साल से पिस्टल के बलपर यौनशोषण कर रहा था पुलिसवाला, ग्रामीणों ने पकड़कर पीटा
बेतिया. विगत एक साल से पुलिसियां रौब व पिस्टल के बल पर महिलाओं के आबरू से खेलने वाले जमादार को ग्रामीणों ने सोमवार रात पकड़ लिया। ग्रामीणों ने जमादार की जमकर धुनाई की। किसी प्रकार वह अपनी बाइक व चप्पल छोड़कर भाग निकला। घटना गौनाहा प्रखंड के सहोदरा थाना के सहोदरा माई स्थान के समीप की है। इसके बाद सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने मध्य रात में ही सहोदरा थाना को घेर लिया और जमादार को बाहर निकालने की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंचे एएसपी (अभियान) राजेश कुमार, नरकटियागंज एसडीपीओ अमन कुमार समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस ने जमादार के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दे आक्रोशित लोगों को शांत करवाया। एएसपी कुमार ने बताया कि आरोपी जमादार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। पीड़िता की मां के बयान पर जमादार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एएसआई पुष्पेन्द्र कुमार करीब दो साल से सहोदरा थाना में कार्यरत थे। पुलिसिया रौब व पिस्टल के बलपर जमादार ने सहोदरा की एक विवाहित महिला के साथ करीब एक साल पूर्व उसने यौनशोषण किया। इसके बाद वह लगातार उसके घर आने-जाने लगा। जब महिला व उसके परिजन इसका विरोध करते तो जमादार पूरे परिवार को गोली से उड़ा देने की धमकी देता। डर के मारे कोई मुंह नहीं खोल पाया। इधर, कुछ दिन पूर्व जमादार का स्थानांतरण हो गया। इलाके के लोगों ने चैन की सांस ली। लेकिन सोमवार को जमादार सहोदरा थाना में चार्ज देने पहुंचा। इसके बाद वह सहोदरा निवासी पीड़िता के घर में धुस गया और जबरदस्ती करने लगा। इसके बाद ग्रामीण एकत्रित हुए और जमादार को पकड़ कर बुरी तरह पीटा। किसी प्रकार वह जान बचा कर भाग निकला। उसकी बाइक और चप्पल घटना स्थल पर ही छुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने जाकर थाना को घेर लिया।
No comments