गोपलगंज की मिट्टी मसाले के लिए बेहतर
धनिया, जीरा मंगरैल, आजवाइन, हल्दी तथा अदरखकी खेती से चमक सकती है किसानों की किस्मत
गोपालगंज। जिले में धनिया और जीरा की खेती से किसानों की किस्मत संवारने की पहल की गई है। कृषि व उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अब जिले के किसान मसाले की खेती कर अच्छी आय प्राप्त कर सकेंगे। इन विभागों ने मसाले की खेती करने के दिशा में किसानों को उन्नत बीज से लेकर कृषि यंत्र तक उपलब्ध कराने की दिशा में कवायद शुरू कर दिया है। ऐसे में धनिया और जीरा की खेती कर अब किसान अधिक मुनाफा ले सकेंगे।
कृषि विभाग के सूत्रों ने बताया कि जिले की मिट्टी में काफी उर्वरा शक्ति है। इसी के आधार पर पूरे जिले में मसाले की खेती करने के दिशा में किसानों को प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए बकायदा किसानों के चयन को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। चयनित किसानों को प्रशिक्षण देकर उन्हें मसाले की उन्नत तरीके से खेती करने के बारे में वृहद जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके आधार पर किसान बेहतर तरीके से इसकी खेती कर सकेंगे। विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री बागवानी मिशन योजना के तहत धनिया, जीरा, मंगरैल, आजवाइन, हल्दी तथा अदरख आदि की खेती के लिए उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए किसानों के चयन को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस खेती को करने वाले किसानों को सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत कृषि यंत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही समय-समय पर कृषि वैज्ञानिक भी किसानों को इसकी खेती के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगे। ताकि किसान मसाले की खेती कर भरपूर लाभ प्राप्त कर सकें।
No comments