झूठी शान में प्रेमी जोड़े को मार कर बरगद से लटाया, तो बाप ने गला दबा कर मारा!
बरगद के पेड़ से लटकती मिली प्रेमी युगल की लाश
समस्तीपुर। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कापन चौर से शुक्रवार सुबह एक प्रेमी युगल का शव मिला। दोनों शव बरगद के पेड़ पर फंदे से लटके थे। उनकी पहचान आलमपुर-कोदरिया के गंगा प्रसाद के बेटे दीपक कुमार (25) व इसी गांव के केदार प्रसाद की बेटी मधुप्रिया उर्फ पुतुल कुमारी के रूप में की गई है। प्रेमी युगल की हत्या की गई है या उन्होंने आत्महत्या की है, इसका पता अब तक नहीं चल पाया है। हालांकि, घटना को आॅनर किलिंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जैसे ही एक साथ दो-दो लाशें मिलने की खबर फैली कि लोग अचानक चौर की ओर निकल पड़े। एक साथ दो-दो लाशें देखकर लोग हतप्रभ थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों शव अलग-अलग दिशा में टंगे हुए थे। उसकी लाश ओढ़नी के सहारे पेड़ से लटकी थी। शव शॉल के सहारे पेड़ से लटका था।
घटना के संबंध में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ लोगों का कहना है कि दोनों के प्रेम-प्रसंग पर परिजनों की रजामंदी नहीं होने के कारण उन्होंने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली होगी। वैसे अधिकतर लोगों का कहना है कि दोनों की गला दबाकर हत्या कर बरगद के पेड़ में टांग दिया गया है। मामला जो भी हो, प्रेमी युगल की मौत रहस्यमय लग रही है। घटना की अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष चतुवेर्दी सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों तरफ से मामले के संबंध में फर्द बयान की प्रतीक्षा की जा रही है। यदि किसी तरफ से फर्द बयान नहीं आता है तो चौकीदार के बयान पर एफआईआर दर्ज की जायगी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाप ने बेटी और उसके प्रेमी को गला घोंटा
मोतिहारी। आॅनर किलिंग के एक संदिग्ध मामले में बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के एक गांव में एक लड़की के पिता ने कथित तौर पर अपनी बेटी और उसके प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नुरूल हक ने बताया कि घटना कल रात बरहरवा गांव में हुई। आरोपी राजेंद्र प्रसाद ने अपनी बेटी शालू (18) और उसके प्रेमी शत्रुघ्न राम (19) को घर में एक साथ देख आपा खोते हुए दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शव शुक्रवार सुबह बरामद कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। हक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसपर अपनी बेटी तथा उसके प्रेमी की हत्या का आरोप लगाया गया है। साथ ही कहा कि प्रसाद अपराध की बात मान ली।
No comments