मुखिया के घर से दबोचे गए 11 कुख्यात
बेगूसराय। बलिया थाने के पहाड़पुर गांव की मुखिया रेखा देवी के घर रविवार की रात छापेमारी कर पुलिस ने मुखिया पति राजकिशोर महतो सहित 11 कुख्यातों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाश जिले के कई इलाकों में लूट, हत्या, रंगदारी सहित कई मामलों में आरोपित हैं।
एसपी मनोज कुमार ने बताया कि मुखिया पति एक गिरोह का संचालन करता था। यह गिरोह लूट, डकैती, रंगदारी व पैसे लेकर हत्या करने का सौदा करता था। एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मुखिया के यहां बदमाशों का जमावड़ा लगा हुआ है। वे डकैती की साजिश रच रहे हैं। इसी सूचना पर बलिया थानाध्यक्ष नीरज कुमार, जीरोमाइल ओपी प्रभारी अजय कुमार अजनबी, गढ़पुरा थानाध्यक्ष उदय कुमार, दारोगा मिंटू कुमार आदि के नेतृत्व में सशस्त्र बलों को छापेमारी करने का निर्देश दिया था।
पकड़े गए बदमाशों ने गढ़पुरा इलाके में एक व्यवसायी और एक मुखिया पति की हत्या की साजिश रची थी। जिस दिन दोनों वारादातों को अंजाम दिया जाता उससे पहले ही रात में पुलिस ने गिरोह के सभी बदमाशों को धर दबोचा। एसपी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्यों ही ने 13 मार्च को वीरपुर पेट्रोल पम्प पर लूटकांड को अंजाम दिया था और गढ़पुरा में चौकीदार को गोली मारकर जख्मी किया था।
पकड़े गए बदमाशों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने ही दोनों कांडों को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि हाल में ही छौड़ाही में हुए बाइक लूटकांड का भी खुलासा हो गया है। लूटी गई बाइक इसी गिरोह के पास से मिली है। आरोपित चंदन कुमार पर हत्या, लूट व डकैती के एक दर्जन केस दर्ज हैं। मुखिया पति पर आर्म्स एक्ट के दो केस बलिया थाने में दर्ज हैं।
इन बदमाशों को पकड़ा गया
गिरफ्तार आरोपितों में शाम्हो थाने के अकबरपुर पुरानी डीह निवासी विद्यानंद सिंह का बेटा चंदन कुमार, पहाड़पुर निवासी घोघल महतो के तीन बेटे अर्जुन महतो, अखिलेश महतो, पप्पू महतो, स्व. बनारसी यादव के दो बेटे खखर यादव व विशुनदेव यादव, नागो महतो का बेटा परशुराम महतो, बलिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर दियारा निवासी लाल महतो का बेटा राधे महतो, लखमिनिया निवासी चंचल महतो का बेटा विजय महतो और नयागांव थाना क्षेत्र के सोनापुर भराठ निवासी स्व. जगन्नाथ सिंह का बेटा निलेश कुमार उर्फ फुनटुन उर्फ अमन कुमार उर्फ मौसिया शामिल हैं। बदमाशों के पास से तीन देसी पिस्तौल, सात कारतूस, तीन मोबाइल व 59 हजार 500 रुपए बरामद किये गये हैं।
No comments