साधु को मांझी के करीब देख भड़के पूर्व मंत्री, साधु को बताया दारूबाज
पटना। बिहार के पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह अनशन पर बैठे जीतन राम मांझी के करीब साधु यादव को देखते ही भड़क गए। आक्रोशित नरेंद्र सिंह ने अपनी भड़ास पत्रकारों के सामने निकालते हुए साधु यादव को दारूबाज कह दिया। पत्रकारों के यह पूछने पर कि क्या साधु यादव से आप नाराज हैं, नरेंद्र सिंह भड़क गए। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ऐसा कुछ नहीं है। आप सभी उन जैसे ही हैं, दिन में आपके रंग कुछ और हैं और रात में उनके साथ ही जाकर दारू पीते हैं। आपके चरित्र भी उनसे अलग नहीं है।
ज्ञात हो कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नीतीश सरकार के फैसलों का विरोध करने के लिए सोमवार को अनशन शुरू किया तो उनके करीबी माने जाने वाले पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह सख्त नाराज हो गए। उनकी नाराजगी अनशनस्थल पर लालू प्रसाद यादव के साले और पूर्व सांसद साधु यादव को आने के चलते थी। साधु जैसे ही वहां पहुंचे नरेंद्र सिंह अनशनस्थल से उठ कर बगल के टेंट में चले गए। सिंह ने कहा कि संगठन को दागी चेहरे की जरूरत नहीं है। ऐसे लोगों से संगठन बनने से पहले ही बदनाम हो जाएगा। सूत्रों का कहना कि मांझी ने नरेंद्र सिंह को वापस लौटने के लिए दो बार संदेश भिजवाया, लेकिन वह नहीं आए। दूसरी ओर, साधु यादव मांझी के बगल में बैठे रहे।
No comments