प्यार की ऐसी सजा : घर में घुसकर प्रेमी जोड़े को उठाया, लड़के की हत्या कर लाश फेंकी
हाजीपुर। हाजीपुर जिले में एक युवक और उसकी पत्नी को घर से अगवा करने के बाद लड़के की हत्या कर दी गई। मृतक ने चार महीने पहले एक मुसलमान लड़की से शादी की थी। आरोप है कि शादी से नाराज लड़की के घर और गांववालों ने मृतक के घर पर हमला करके उसे पत्नी के साथ अगवा कर लिया। बाद में लड़के की लाश मिली, वहीं लड़की का कुछ भी पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से गांव में तनाव है। लड़के के पक्ष के लोग बदला लेने की तैयारी कर रहे हैं। इसके मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षाबल की तैनाती कर दी गई है। वहीं, घटना के बाद अल्पसंख्यक समुदाय के सभी पुरुष गांव छोड़कर भाग गए हैं। वहीं, उनके घर की महिलाओं के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर कैम्पिंग कर रहे हैं।
घटना हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र के सेंदुआरी गांव की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक संजीव पटेल उर्फ पुतूल पटेल ने चार महीने पहले गांव के ही मोहम्मद एजाजूल की बेटी चांदनी से प्रेम विवाह किया था। इस मामले में मोहम्मद एजाजूल ने संजीव के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। बाद में हाजीपुर कोर्ट में चांदनी ने अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। कोर्ट के आदेश के बाद पंद्रह दिन पहले ही दोनों ने गांव में आकर साथ रहना शुरू किया था। सूत्रों के मुताबिक, घटना को लेकर लड़की पक्ष के लोग काफी नाराज थे। शनिवार रात करीब 100 लोगों ने संजीव के घर पर हमला कर दिया। पहले संजीव और उसके भाई की जमकर पिटाई की। फिर संजीव और उसकी पत्नी को अपने साथ ले गए। रविवार दोपहर गांव के एक पुल के करीब संजीव की लाश मिली। संजीव के घर से कुछ ही दूरी पर उसकी पत्नी का एक दुपट्टा मिला है, जो खून से सना हुआ था।
No comments