लाठीचार्ज के विरोध में एबीवीपी के बिहार बंद के दौरान सडक, रेल यातायात बाधित
बिहार बंद को सफल बनाने के लिए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने पटना विश्वविद्यालय के कार्यालय, अन्य शिक्षण संस्थानों तथा दुकानों को जबरन बंद कराने के बाद अशोक राज पथ और गांधी मैदान के समीप सडक के बीचोंबीच टायर जलाकर सड़क यातायात को कुछ घंटों के लिए बाधित कर दिया। बंद समर्थकों ने सडकों से गुजर रहे निजी वाहनों, अॉटोरिक्शा के शीशे तोड़ने के साथ डाक बंगला चौराहे की ओर जा रहे एक पुलिस गश्ति वाहन पर हमला करने का प्रयास किया।
पटना शहर के व्यस्तम डाकबंगला चौराहे पर बंद समर्थकों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा हल्का लाठीचार्ज किये जाने के साथ उनमें से कुछ को हिरासत में भी लिया गया है। पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक जितें्रद राणा ने बताया कि बंद के दौरान छिटपुट घटनाओं को छोडकर किसी बडी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रदेश के अन्य जिलों बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया, मधेपुरा, गया, औरंगाबाद, लखीसराय, भोजपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर सहित अन्य जिलों में भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा दुकानों को जबरन बंद कराने के साथ सडक यातायात को अवरूद्ध किया गया।
बंद के कारण सीबीएसई के 12वीं कक्षा के तथा आईसीएसई के 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों को अपने-अपने परीक्षा केंदों पर पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पटना रेल पुलिस अधीक्षक प्रकाश नाथ मिश्र ने बताया कि बंद समर्थकों द्वारा कई स्थानों पर रेल यातायात को बाधित किये जाने से दक्षिण बिहार एक्सपे्रस, तूफान एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस ट्रेनें पटना, औरंगाबाद, जहानाबाद, भोजपुर और गया में विभिन्न स्थानों पर कुछ देर रोकी गई। प्रदर्शनकारियों को बाद में राजकीय रेल पुलिस द्वारा खदेड़ दिया गया।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविंद कुमार रजक ने बताया कि मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर जिलों में भी बंद समर्थकों के रेल पटरी पर बैठ जाने से से कुछ ट्रेनें बाधित हुर्इं।
No comments