कोख पर भारी वर्दी की ललक: पुलिस भर्ती में आर्इं 41 महिलाएं गर्भवती
पटना। सिपाही बनने की ललक में महिला अभ्यर्थी कोख की परवाह नहीं कर रहीं। अब इसे नौकरी पाने की जद्दोजहद कहें या फिर जुनून, गर्भवती होने के बावजूद कई महिलाएं शारीरिक परीक्षा में अपना दमखम आजमाने को तैयार हैं। हालांकि नियम के मुताबिक 41 महिला अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए अनफिट करार दिया जा रहा है।
बिहार पुलिस में सिपाही के 11783 पदों के लिए बहाली की प्रक्रिया चल रही है। लिखित परीक्षा पास अभ्यर्थियों को दौड़ से पहले स्क्रीनिंग के लिए बुलाया गया है। पुरुषों के बाद 2 अप्रैल से महिला अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग हो रही है। इसमें कागजात और अंगूठे के निशान की जांच के साथ ही विवाहित महिलाओं का प्रेगनेंसी टेस्ट किया जा रहा है। इसके लिए महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टॉफ की ड्यूटी पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में लगाई गई है। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के मुताबिक पहले दिन स्क्रीनिंग में 232 शादीशुदा महिलाओं की प्रेगनेंसी टेस्ट हुई जिसमें 41 पॉजिटिव पाई गईं। वहीं दूसरे दिन 503 में 7 महिलाएं गर्भवती मिलीं। नियम के तहत गर्भवती महिलाओं को शारीरिक दौड़ में शामिल नहीं किया जा सकता। यही वजह है कि उन्हें अनफिट करार दिया गया।
4414 पद हैं आरक्षित : महिला अभ्यर्थियों के लिए 38 प्रतिशत सीट रिजर्व है। इसमें तीन प्रतिशत पहले से पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए है। इसके अलावा बचे हुए 97 प्रतिशत सीटों में से हर श्रेणी की महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत पद आरक्षित हैं। कुल 4414 सीटें रिजर्व हैं।
No comments