कांग्रेस का फौरी मकसद बिहार में भाजपा को रोकना
बिहार कथा. हैदराबाद। इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनावों में प्रस्तावित जनता परिवार के साथ गठबंधन का संकेत देते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा को रोक दिया जाये तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेअसर हो जाएंगे। रमेश ने कहा कि वह जनता परिवार ताकतों के एक साथ आने का स्वागत करते हैं। उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा, वे (जनता परिवार के दल) जिस तरह के संकट का सामना कर रहे हैं कांग्रेस भी कर रही है। बिहार हम सब के लिए अगला इम्तिहान है। दिल्ली (जहां इस साल चुनाव हुआ) ने (नरेंद्र) मोदी को तबाह कर दिया। और अगर भाजपा बिहार में रोकी जाती है तो मिस्टर मोदी बेअसर हो जाएंगे। उन्होंने कहा, इसलिए, मुझे लगता है कि भाजपा विरोधी ताकतों की एकजुटता के तौर पर जनता परिवार का साथ आना एक स्वागत योग्य घटनाक्रम है। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस की जदयू के साथ रणनीतिक साझेदारी होगी, उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने बिहार में नीतीश कुमार सरकार का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, हमने अविश्वास प्रस्ताव (जीतन राम मांझी सरकार) में वोट किया था। हमने नीतीश कुमार के साथ वोट किया था।
पिछले कई चुनावों में पराजय का सामना करने वाली पार्टी के आगे के रास्ते के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कांग्रेस का दीर्घकालीन लक्ष्य 2019 लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करना है। रमेश ने कहा, लेकिन, इससे पहले हमारा फौरी मकसद नवंबर 2015 में बिहार में भाजपा को रोकना है। बिहार में भाजपा को रोकने के लिए हमें जो भी करना पड़ेगा हम करेंगे। इससे राष्ट्रीय स्तर पर भी एक बड़ा असर पड़ेगा।
रमेश ने कहा, कांग्रेस और वाम दल तीन राज्यों (केरल, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा) में प्रतिस्पर्धी हैं। लेकिन, मैं यह एक प्रतिस्पर्धी के तौर पर कह रहा हूं। मैं एक मजबूत भाजपा नहीं चाहता पर राजनीतिक विरोधी होने के बावजूद मैं एक मजबूत वाम चाहता हूं।
रमेश ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार किसान विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया, हमारा जो नारा है। यह एक हकीकत है। मोदी ने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) नहीं बढ़ाया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना आवंटन घटाकर 8,500 करोड़ रुपये से 4,500 करोड़ रूपये कर दिया गया। उन किसानों को कोई राहत नहीं दी गयी जिनकी फसल बेमौसमी बारिश से प्रभावित हुयी है।
No comments