सीवान में अपराधियों का गैंगवार
सीवान। सीवान जिले के बडहडिया थाना अंतर्गत तिलसंडी गांव में रविवार को गैंगवार के दौरान एक दुर्दान्त अपराधी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य अपराधी घायल हो गया जिसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतक अपराधी का नाम शशि मांझी (35) है और गैंगवार में घायल अनिल प्रसाद को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि ये दोनों किसी घटना को अंजाम देने के लिये आज साथ जा रहे थे तभी इसी बीच दूसरे अपराधी गिरोह ने उन दोनों पर हमला कर दिया। अशोक ने बताया कि सीवान जिले के रोहडा गांव निवासी शशि मांझी दुर्दान्त अपराधी था जिसकी पुलिस को वर्ष 2003-2004 के बीच बडहडिया के तत्कालीन थाना प्रभारी शिफ्ते आलम, इंजीनियर एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र पटेल और डॉक्टर वकील पटेल की हत्या सहित दर्जनों लोगों की हत्या, अपहरण एवं लूट के मामले में एक दशक से तलाश थी।
No comments