Recent News

Breaking News

सहेली ने छीना ब्वॉयफ्रेंड तो सिर पर डाला तेजाब, पीठ में घोंपा चाकू

acid attack
पटना। दो सहेलियां। पहली, समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी इलाके की। दूसरी, बांका के पंजवारा इलाके की। नया टोला तिराहे पर यादव भवन स्थित लक्ष्मी गर्ल्स हॉस्टल में दो महीने से साथ रहती हैं। प्रतियोगिता की तैयारी करती हैं। पटोरी निवासी लड़की का ब्वॉयफ्रेंड इन दिनों दूसरी के साथ वक्त बिताने लगा। इसी बात को लेकर सहेलियों के बीच दरार पड़ी। एक-दूसरे को समझाने से लेकर धमकाने और देख लेने तक की नौबत आ गई। बुधवार दोपहर एक ने दूसरे पर कातिलाना हमला कर दिया। पटोरी की लड़की ने कमरा बंद किया। सहेली के सिर पर पीछे से बाथरूम साफ करने वाला एसिड उड़ेला। फिर पीठ पर सब्जी काटने वाला चाकू घोंप दिया। शोर मचा तो तुरंत हॉस्टल की बाकी लड़कियां जुट गईं। दोनों को अलग किया। बांका की घायल लड़की का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। कदमकुआं के थानेदार बीके मेधावी के मुताबिक आरोपी छात्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया।
आरोपी छात्रा ने बताया कि बीती रात उसने (पीड़िता) चैलेंज किया था कि तुम्हारे ब्वॉयफ्रेंड को पटाएंगे। साथ ही उसे हॉस्टल से बाहर निकलवाने की धमकी भी दी। पहले भी वह बार-बार ब्वॉयफ्रेंड से संबंध तोड़ने को कहती थी। मारपीट करती थी।
आरोपी छात्रा का इरादा व तरीका कत्ल करने का ही था। संयोग से पीड़ित छात्रा खतरे से बाहर है। घायल छात्रा के शरीर पर चाकू का जख्म डेढ़ इंच तक गहरा है। एसिड के कारण सिर से लेकर शरीर के दाहिने भाग व पीठ का हिस्सा झुलसा है। बेसुध होने के कारण वह कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। कदमकुआं थानेदार के मुताबिक एसिड कम पावर का होने से जान बच गई। यह पहली घटना है जब लव अफेयर में किसी छात्रा ने दूसरी छात्रा की हत्या करने की कोशिश की है। from dainikbhaskar.com

No comments