मधुमक्खियों का हमला, 40 घायल
अरवल। बिहार के अरवल में आज 40 से ज्यादा महिलाएं मधुमक्खियों के काट लेने से घायल हो गयीं। उनमें से कई की हालत गंभीर है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुयी जब महिलाएं बट सावित्री पूजा के मौके पर एक बरगद के पेड़ के नीचे पूजा अर्चना कर रही थीं। यह पूजा अपने पति की लंबी उम्र के लिए की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पेड़ में मधुमक्खियों का एक छत्ता था और पूजा के दौरान ही मधुमक्खियों ने महिलाओं पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले के कारण वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी। कई पीड़ितों को बाद में अरवल सदर अस्पताल ले जाया गया। अरवल सदर अस्पताल के उपाधीक्षक विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि 40 महिलाओं का इलाज किया गया। कई महिलाओं की स्थिति गंभीर थी। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
No comments