Recent News

Breaking News

अब बिहार में होगी महकउवा धान की खेती !

dhan
सविता, पटना।

पटनावासियों के मुंह का स्वाद बदल रहा है। लोग अब मोटे चावल की अपेक्षा सुगंधित चावल खाना अधिक पसंद कर रहे हैं। इसी को ध्यान में रहते हुए पटना जिले में पहली बार सरकारी तौर पर सुगंधित धान की खेती की पहल की गई है। 25 मई से शुरू होने वाले खरीफ मौसम में मुफ्त में सुगंधित धान के बीज के साथ सौ प्रतिशत अनुदान पर धान की खेती करवाई जाएगी। इसमें वर्मी कम्पोस्ट, बीजोपचार और कोनोवीडर दिया जाएगा। सुगंधित धान की खेती 1252 एकड़ भूमि में करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसकी सफलता के लिए किसानों को किसान पाठशाला के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ में कृषि विशेषज्ञ किसानों के खेत में जाकर सुगंधित धान की खेती वैज्ञानिक और जैविक तरीके से करने का गुर सिखाएंगे। किसानों को धान की खेती का प्रशिक्षण खेत की तैयारी से लेकर गोदाम में धान रखने तक किया जाएगा। इस योजना के तहत राजेन्द्र भगवती, सुगंधा और राजेन्द्र बासमती धान के बीज किसानों को दिया जाएगा।
इस प्रजाति की खेती के लिए बाढ़ और टाल-दियारा का इलाका छोड़कर सभी प्रखंडों का चयन किया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी राकेश रंजन ने बताया सुगंधित धान के बीज से उपज कम होती है। लेकिन, अच्छी गुणवत्ता होने के कारण किसानों को अधिक मुनाफा मिलता है। इसके लिए किसानों का चयन किया जा रहा है। इसके अलावे इस साल जिले में एक लाख 15 हजार 976 हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य रखा गया है। from livehindustan.com

No comments