कुंवारी मां की लाज की कीमत एक लाख! हुक्का पानी भी बंद
किशनगंज. बिहार के किशनगंज जिले में एक कुंवारी लड़की से रेप किया गया था। रेप के बाद पीड़िता कुंवारी मां बन गई है। रेप का दंश झेलने के बाद अब उसपर गांव के लोग जुल्म ढहा रहे हैं। यह मामला किशनगंज के घुरनी गांव का है। कुंवारी लड़की के मां बनने के बाद गांव के लोगों ने पंचायत बुलाई थी। पंचायत ने पीड़िता के लोकलाज की कीमत एक लाख रुपए लगाई है। इसके साथ ही पंचायत ने उसके परिवार का हुक्का-पानी भी बंद कर दिया है।
लड़की के साथ करीब डेढ़ साल पहले रेप हुआ था और अब वह कुंवारी मां बन चुकी है। पंचायत के तुगलकी फैसले के खिलाफ बच्चे और परिवार को हक दिलाने के लिए पीड़िता ने किशनगंज के एसपी से गुहार लगाई है। पीड़िता के साथ गांव के युवक जमील ने बलात्कार किया था। इसकी शिकायत पंचायत से करने पर पंचों ने एक लाख रुपए लेकर मामला खत्म करने का फरमान सुनाया था। पीड़िता और उसके परिवार के लोग चाहते थे कि उसकी शादी आरोपी से युवक से हो जाए, लेकिन पंच इसके लिए राजी नहीं हुए। इसी बीच पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया। नाराज पंचों ने पीड़िता के परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया। अब पीड़िता अपने बच्चे को और परिवार को हक दिलाने के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन नौ माह बाद भी उसे न्याय नहीं मिला है।
No comments