बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश के साथ जाएगी कांग्रेस
पटना। बि
हार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीतीश कुमार के साथ चुनावी मैदान में जाएगी। यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का है। इसकी आधिकारिक घोषणा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मुहर लगने के बाद पार्टी की तरफ से की जाएगी। फैसले के पीछे एक मात्र मकसद विधानसभा चुनाव में हर हाल में भाजपा को रोकने की है। तय कार्यक्रम के मुताबिक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब घंटे भर चली बातचीत में राहुल गांधी ने बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात के बारे में विस्तार से चर्चा की। जदयू, राजद के साथ ही भाजपा की तैयारियों के बारे में पूछा। जदयू और राजद के बीच गठबंधन के बीच बार-बार आ रही बाधाओं पर भी जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक बिहार के राजनीतिक हालात की पूरी ब्रीफिंग लेने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार अच्छे हैं। इसके पीछे उनका तर्क था कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए बेहतर काम किया है। विधानसभा चुनाव में पार्टी को उनके साथ तालमेल कर चुनाव लड़ना चाहिए। सूत्रों की मानें तो यदि जदयू और राजद के बीच किन्हीं कारणों से गठबंधन नहीं हो पाता है तो उस स्थिति में भी कांग्रेस नीतीश कुमार के ही साथ जाना पसंद करेगी।
No comments